फरीदाबाद। वैवाहिक की साइट पर पहचान के बाद सगाई का झांसा देकर एक शातिर युवक ने कंपनी सेक्रेटरी युवती से चार लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने युवती को एनआरआई बताया था। युवती की शिकायत पर बीपीटीपी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर फरीदाबाद निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक वैवाहिक साइट पर उसकी पहचान एक युवक से हुई। आरोपी ने खुद को गुजरात का रहने वाला बताया था, जोकि अब अमेरिका में रह रहा है। इस दौरान उसकी युवक से व्हॉट्सएप पर वीडियो कॉल से बातचीत होती रही। दोनों के बीच सहमति होने पर युवती के परिवार वालों ने सगाई की तैयारी शुरू कर दी थी। इस दौरान युवक ने युवती को बताया कि उसके बैंक अकाउंट में कोई दिक्कत आ गई है और वह हिंदुस्तान आने के लिए टिकट नहीं खरीद पा रहा है।
उसने युवती से चार लाख रुपये की मांग की और सगाई के दौरान लौटाने की बात कही। युवती उसके झांसे में आ गई। उसने चार लाख रुपये उसके खाते में डलवा दिए। इसके बाद से युवक का मोबाइल फोन बंद हो गया। युवक सगाई के लिए भी नहीं पहुंचा। इस पर युवती ने पुलिस में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।