संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। प्लॉट के नाम पर 11.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने पर तिगांव थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव बदरौला निवासी सोनू ने बताया कि रिश्तेदार कुसुम के साथ मिलकर करीब एक हजार गज का प्लॉट खरीदने का इकरारनामा 23 नवंबर 2015 को श्रीचन्द निवासी गांव बदरौला के साथ किया था। उन्होंने 11 लाख रुपये श्रीचन्द को दे दिए थे और बकाया रकम 50 हजार रुपये 22 नवंबर 2016 को देनी तय हुई। साल 2016 में पीड़ित ने बकाया रकम 50 हजार रुपये भी दे दिए। इस दौरान जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो रही थी। पीड़ित का कहना है कि लंबे समय तक प्लॉट की रजिस्ट्री होने का इंतजार किया, परन्तु फिर भी रजिस्ट्री नहीं खुली। इसके बाद आरोपी ने प्लॉट किसी अन्य आदमी को बेच दिया। पीड़ित द्वारा पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना तिगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।