आरोपी अरुणाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का रह चुका है पूर्व मुख्य चयनकर्ता
पीड़ित की साल 2018 में फरीदाबाद में आयोजित एक टूर्नामेंट के दौरान हुई थी मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। अरुणाचल क्रिकेट टीम में खिलाड़ियों को खिलाने के नाम पर पूर्व मुख्य चयनकर्ता द्वारा एक करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खिलाड़ियों को टीम की ओर से ईरानी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन पैसे लेने के बावजूद टीम में नहीं खिलाया गया। पुलिस आयुक्त राकेश आर्य के आदेश पर थाना आदर्श नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आदर्श नगर निवासी क्रिकेटर राजेंद्र सिंह ने बताया कि साल 2018 में घरेलू टूर्नामेंट खेलने के दौरान उनकी मुलाकात अरुणाचल क्रिकेट एसोसिएशन में पूर्व मुख्य चयनकर्ता अताउल हुसैन से हुई थी। वह अभी पापमपारे क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव है। आरोपी अताउल ने राजेंद्र से कहा था कि वह उनके खिलाड़ियों को अरुणाचल प्रदेश के घरेलू टूर्नामेंट सहित नेशनल ट्रॉफी भी खिला सकते हैं। इसके लिए खिलाड़ियों का चयन करने के बाद उनके नाम अरुणाचल क्रिकेट एसोसिएशन को भेजने को कहा। जहां पर राजेंद्र ने अपने पास अभ्यास करने वाले कुछ लड़कों के नाम अताउल को दे दिए।
आरोपी अताउल ने ट्रायल में पास कराने के नाम पर पैसों की मांग की। पीड़ित ने अपनी पत्नी सुजाता के खाते से पैसे आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद कुछ खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए ईटानगर अरुणाचल प्रदेश बुलाया गया। पीड़ित ने बताया कि कुछ खिलाड़ियों का ट्रायल करवाया तो कुछ को बाहर कर दिया गया। आरोपी ने उनसे और उनके कई खिलाड़ियों से बार बार ट्रायल में पास करवाने और नेशनल ट्राफी खिलाने के नाम पर करीबन एक करोड़ रुपये की ठगी की है। आर्थिक अपराध शाखा ने मामले पूरी तरह से जांच करने के बाद अताउल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।