सीकरी, सैनिक कॉलोनी और जवाहर कॉलोनी के लोग हुए ठगी के शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, शेयर बाजार में कई गुना मुनाफे का झांसा देने और एपीके फाइल भेजकर फोन हैक करने के तीन अलग-अलग मामलों में साइबर थाना एनआईटी ने प्राथमिकी दर्ज की है। तीनों मामलों में पीड़ितों से कुल 16.58 लाख रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है।
गांव सीकरी, बल्लभगढ़ निवासी कुलदीप सिंह के साथ 27 जुलाई को ठगी हुई। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर फोन करने वाले ने उनसे ओटीपी हासिल कर क्रेडिट कार्ड से 65,040 रुपये निकाल लिए। कुलदीप ने उसी दिन साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले में सात अगस्त को प्राथमिकी दर्ज हुई।
दूसरे मामले में सैनिक कॉलोनी निवासी और मेडिकल स्टोर संचालक हरविंद्र पाल सिंह शेयर बाजार में निवेश करते थे। 16 जून से 7 जुलाई के बीच उनसे अलग-अलग खातों में 15,71,000 रुपये जमा कराए गए। आरोप है कि निवेश पर करीब 19 लाख रुपये का लाभ दिखाकर और रकम मांगी गई। उन्हें कुल 62,168 रुपये वापस मिले। नौ जुलाई की शिकायत पर पंचकूला से मिली ई-शून्य प्राथमिकी के आधार पर पांच अगस्त को प्राथमिकी दर्ज हुई।
तीसरे मामले में जवाहर कॉलोनी निवासी प्रिंस तिवारी ने बताया कि मोबाइल पर एपीके फाइल आई। इसे खोलने के बाद फोन हैक कर खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। छह मई की शिकायत के आधार पर पांच अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि तीनों मामलों में धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच संबंधित जांच अधिकारियों को सौंपी गई है।