फरीदाबाद। कार खरीद के दौरान लोन कराने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बिचौलिये ने चार की बजाय आठ लाख रुपये का लोन कराकर पीड़ित के करीब 3.25 लाख रुपये हड़प लिए। इस बात का पता चलने पर पीड़ित की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एनआईटी थाना पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पलवल के गांव चिरवाड़ी निवासी रोहित कुमार की पत्नी रेनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति ने घर के काम के लिए एक कार खरीदने का विचार बनाया था। नीलम बाटा रोड स्थित बोहरा हुंडई शोरूम में उनके पति की मुलाकात एनआईटी फरीदाबाद निवासी भारत अरोड़ा से हुई। भारत ने कहा कि कार खरीदने के लिए कुछ पैसे पहले देने होंगे। बाकी रकम का वह लोन करा देगा। कार की कीमत 5.56 लाख है। इस दौरान पति ने 1.55 लाख रुपये का मौके पर भुगतान कर दिया। रेनू का आरोप है कि भारत अरोड़ा ने लोन कराते समय बैंक में अपने घर का पता और अपना मोबाइल नंबर दिया। ऐसे में जब गाड़ी का लोन कराया तो पीड़ित के पास सत्यापन के लिए कोई बैंक से नहीं किया गया। यही नहीं कार फरीदाबाद की बजाय पलवल से दिलाई। उसकी कोई रसीद व फाइल नहीं तक दी। बाद में पता चला कि भारत अरोड़ा ने सेक्टर-16 स्थित एक्सिस बैंक से चार लाख के बदले आठ लाख का लोन करवा लिया है। उसमें से 3.25 रुपये हड़प लिए। बैंक ने गाड़ी भी ले ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।