फरीदाबाद। साइबर पुलिस में आई बल्लभगढ़ क्षेत्र की एक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले के एक आरोपी को डबुआ कॉलोनी से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड का पिन जनरेट करने के नाम पर ठगी की थी। आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस अन्य मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि पीड़ित हरिहर कुमार पुत्र बसंतु निवासी कैमूर, बिहार वर्तमान में बल्लभगढ़ की भगत सिंह कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है व निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसने कुछ दिनों पहले ही क्रेडिट कार्ड बनवाया था। हरिहर ने कार्ड का पिन भी जनरेट नहीं किया था। इसके बावजूद उसके कार्ड से 18 हजार रुपये निकल गए थे।
इस मामले की जांच साइबर सेल प्रभारी संदीप मोर को सौंपी गई। डीसीपी सेंट्रल लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी संदीप मोर, जांच अधिकारी एसआई कैलाश व एएसआई प्रमोद कुमार समेत तीन अन्य सिपाही की टीम बनाई गई। 16 जनवरी को साइबर टीम ने डबुआ कॉलोनी में रहने वाले नितिन को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की।
उसने पुलिस को बताया कि उसका एक साथी महेश सेक्टर-सात के एक्सिस बैंक शाखा में एक्सिस सिक्योरिटी लिमिटेड के माध्यम से क्रेडिट कार्ड बनवाने वाले लोगों को पिन जनरेट करने के नाम पर कॉल करता था। इसके बाद कार्ड की गुप्त जानकारी हासिल कर धोखे से ओटीपी हासिल कर ठगी कर रहे थे। महेश इस तरह की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। उसके पास से नौ हजार रुपये भी पुलिस ने बरामद किया है। दूसरा आरोपी महेश अभी फरार है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।