मई-जून के दौरान अलग-अलग मामलों में हुई धोखाधड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। साइबर अपराधियों ने मई और जून के दौरान अलग-अलग तरीकों से सात लोगों को निशाना बनाकर लाखों रुपये से अधिक की ठगी कर ली। शिकायतों की जांच के बाद साइबर थाना एनआईटी और साइबर थाना सेंट्रल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सैनिक कॉलोनी निवासी विनीत खुराना ने बताया कि 18 मई को इंस्टाग्राम पर क्रेडिट कार्ड के विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्होंने अपनी जानकारी साझा कर दी। 22 मई को आए कॉल के दौरान ठगों ने गूगल मीट के जरिए स्क्रीन शेयर करवाई और उनके अमेरिकन एक्सप्रेस कार्ड से 1.52 लाख रुपये निकाल लिए। इस मामले में 22 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई है। धीरज नगर निवासी अन्नू सोनी को 17 जून को बीमा पॉलिसी बंद कराने के नाम पर कॉल आई। ठगों ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर उनके क्रेडिट और डेबिट कार्ड से कुल 1.13 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर थाना सेंट्रल ने 21 जून को प्राथमिकी दर्ज की है। गोठरा मोहब्बताबाद निवासी राहुल के मोबाइल फोन को हैक कर 45 हजार रुपये की ठगी की गई। वहीं नीलम-बाटा रोड निवासी अनिरुद्ध प्रसाद से एपीके लिंक के जरिए 2.70 लाख रुपये ठग लिए गए। सेक्टर-21ए निवासी राहिल जैन से मुंबई में पीजी बुकिंग के नाम पर 54,406 रुपये, सेक्टर-21सी निवासी कैलाश चंद्र गुप्ता से फर्जी रैपिडो कस्टमर केयर बनकर 90,002 रुपये और जवाहर कॉलोनी निवासी गुरमीत सिंह से मोबाइल की अनधिकृत एक्सेस लेकर 3.84 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।