विक्रेताओं ने जमीन के मालिकाना हक से अधिक हिस्से का कर दिया इकरारनामा
पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 1.25 करोड़ रुपये में 155 वर्ग गज का प्लॉट बेचने का इकरारनामा कर दो खरीदारों से 55 लाख रुपये लेने के बाद जमीन के मालिकाना हक को लेकर विवाद हो गया। खरीदारों का आरोप है कि विक्रेताओं ने जमीन में अपने वास्तविक हिस्से से अधिक का इकरारनामा कर दिया। इतना ही नहीं, मूल इकरारनामे में छत और बेसमेंट के अधिकार शामिल नहीं थे, जबकि उनके साथ किए गए इकरारनामे में ये अधिकार भी दे दिए गए।
गांव तिगांव निवासी मनोज कुमार और बल्लभगढ़ के सेक्टर-दो निवासी गौरव ने शिकायत में बताया कि उन्होंने आर्यन मित्तल और अशोक कुमार सोनी से गांव गौंछी क्षेत्र में 155 वर्ग गज का प्लॉट खरीदने का सात अप्रैल 2025 को इकरारनामा किया था। इसकी कीमत एक करोड़ 25 लाख रुपये तय हुई थी। दोनों खरीदारों ने 25-25 लाख रुपये नकद दिए थे, जबकि पांच लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से जमीन के मूल मालिक कमल कुमार गुप्ता के खाते में भेजे थे।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, रजिस्ट्री कराने की अंतिम तारीख सात जून 2025 तय हुई थी। आरोप है कि इस अवधि तक विक्रेता जमीन से संबंधित नो ड्यूज, प्रॉपर्टी आईडी, बिजली बिल, विकास शुल्क और विरासत के दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। जमीन के एक हिस्से से संबंधित विरासत इंतकाल आठ अगस्त 2025 को मंजूर हुआ था।
खरीदारों ने आरोप लगाया कि विक्रेताओं ने मूल मालिकों से अपने नाम कराए गए इकरारनामे में ममता के हिस्से की 77.5 वर्गगज जमीन का उल्लेख किया था, जबकि उनके अनुसार ममता के नाम केवल 37.5 वर्गगज जमीन थी। इसके अलावा मूल इकरारनामे में छत और बेसमेंट के अधिकार शामिल नहीं थे, लेकिन उनके साथ किए गए इकरारनामे में ये अधिकार भी दे दिए गए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जानकारी मांगने पर विक्रेताओं ने उन्हें जमीन के सभी मालिकों से नहीं मिलवाया गया। उन्होंने प्लॉट नहीं खरीदने और अपनी रकम वापस मांगने की बात कही तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया। इसके साथ ही जान से मारने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच के बाद आर्यन मित्तल और अशोक कुमार सोनी के खिलाफ मुजेसर थाना ने पांच नवंबर को धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।