भाई बनकर व्हाट्सएप पर भेजा संदेश, ट्रैवल एजेंट और बैंक अधिकारी बनकर डराया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति को उसके दुबई में रह रहे भाई के नाम पर झांसा देकर साइबर ठगों ने 74 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने भाई, बैंक अधिकारी और ट्रैवल एजेंट बनकर फोन और व्हाट्सएप संदेश किए।
साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने छह अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता राजकुमार प्रजापति ने बताया कि चार जुलाई को व्हाट्सएप नंबर से संदेश आया, जिसमें संदेश भेजने वाले ने खुद को उनका भाई रजनीश बताया। उसने दावा किया कि 6.50 लाख रुपये उनके खाते में भेजे हैं और वेस्टर्न यूनियन की कथित रसीद भी भेजी। इसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी और दूसरे ने मुंबई का ट्रैवल एजेंट बताते हुए कहा कि रजनीश पर 1.60 लाख रुपये बकाया है। भुगतान नहीं करने पर उसे दुबई में जेल भेजने और वीजा रोकने की धमकी दी गई। भाई की सुरक्षा को लेकर घबराए राजकुमार ने अपने दोस्तों प्रदीप और मांगेराम के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 74 हजार रुपये बताए गए क्यूआर कोड पर भेज दिए। बाद में भाई से बात होने पर उन्हें ठगी का पता चला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।