पाठ्यक्रम को अगले सत्र से शुरू करने का निर्णय लिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीएड पाठ्यक्रम में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। जेसी बोस विश्वविद्यालय ऑफ साइंस एवं टेक्निकल में 12वीं कक्षा के बाद चार वर्षीय इंटिग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के पाठ्यक्रम में पढ़ाई कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों की बीए के साथ ही बीएड भी पूरी हो सकेगी। इसे अगले सत्र से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) और जेसी बोस के संयुक्त तत्वावधान में चार वर्षीय इंटिग्रेटेड पाठ्यक्रम को चलाया जाएगा। इसमें दोनों संस्थानों की ओर से विद्यार्थियों को संसाधन, लाइब्रेरी, लैब और पढ़ाई की सुविधाएं संयुक्त रूप से दी जाएंगी। पाठ्यक्रम को वर्ष 2026 शैक्षणिक सत्र से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें 50 सीटें विज्ञान और 50 सीटें कला के विद्यार्थियों के लिए होंगी। इसे उच्चतर शिक्षा विभाग और शिक्षा विभाग की देखरेख में चलाया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने डाइट को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से आईटीईपी के तहत चार वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए एनसीटीई को ऑनलाइन प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए मंजूरी दे दी है। जिले में यह पाठ्यक्रम जेसी बोस और डाइट के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जाएगा। इस पाठ्यक्रम की कक्षाएं जेसी बोस में लगेंगी।
प्रदेश में यहां भी होगा शुरू
जेसी बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एवं टेक्निकल फरीदाबाद में यह पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा पंचकूला के सेक्टर-एक स्थित राजकीय पीजी महाविद्यालय, अंबाला के राजकीय पीजी महाविद्यालय, करनाल में पीटी सीएलएस राजकीय पीजी महाविद्यालय, जींद में पीजी राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ में राजकीय महिला महाविद्यालय, यमुनानगर में जीएन खालसा कॉलेज यमुनानगर, पानीपत में आईबी पीजी कॉलेज, सोनीपत में डीसीआरयूटी मुरथल में भी यह पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा आरकेएसडी पीजी कॉलेज कैथल, चरखी-दादरी में जेवीएमजीआरआर पीजी कॉलेज और रेवाड़ी के केएलपी पीजी कॉलेज में यह पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा।
जेसी बोस में अगले वर्ष से चार वर्षीय इंटिग्रेटेड पाठ्यक्रम को शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डाइट से प्रोफेसर को पढ़ाने के लिए जेसी बोस में भेजा जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बीए व बीएड की चार वर्षीय डिग्री मिल सकेगी। इसे जल्द ही अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
-जलवंत सिंह, संयोजक, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान