फरीदाबाद। उत्तर रेलवे के अंतर्गत आने वाले हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पिछले दिनों क्षतिग्रस्त हुए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य के चलते दिल्ली-पलवल सेक्शन के बीच चलने वाली चार शटल ट्रेनों को 28 अगस्त को निरस्त कर दिया गया है। इससे जिले के करीब 15 हजार दैनिक यात्रियों के परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, कुछ ट्रेनों को रोककर चलाया जाएगा। हजरत निजामुद्दीन से चलने वाली चार ट्रेनों के प्लेटफार्म में भी बदलाव किया जाएगा।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर जुलाई में प्लेटफार्म नंबर दो, तीन और चार को जोड़ने वाला एफओबी क्षतिग्रस्त हो गया था। इस कारण तीन दिन तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। अब रेलवे की ओर से क्षतिग्रस्त एफओबी को दोबारा बनवाया जा रहा है। इसकी वजह से 28 अगस्त को ट्रैफिक ब्लॉक कर दिया गया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि निजामुद्दीन स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान गर्डर रखने का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 28 अगस्त को सुबह 5:15 पर पुरानी दिल्ली से चलकर पलवल जाने वाली 04914 शटल, 8:05 बजे सुबह पलवल से गाजियाबाद जाने वाली 04913 शटल, सुबह 5:50 बजे शकूरबस्ती से चलकर बल्लभगढ़ जाने वाली 04960 शकूरबस्ती-बल्लभगढ़ शटल तथा सुबह 8:05 बजे बल्लभगढ़ से शकूरबस्ती जाने वाली 04915 शटल रद्द रहेगी। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि रेलवे के कार्य में यात्री सहयोग दें। गार्डर रखने का कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।