- तीन आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों की जांच करते हुए चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को राजस्थान जोधपुर, नोएडा, यूपी कन्नौज से काबू किया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों को रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। वहीं चौथे आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई।
पहले मामले में टेलीग्राम टास्क के नाम पर 3.08 लाख रुपये की ठगी में राजस्थान जोधपुर निवासी रफीक को पकड़ा गया है। पूछताछ में पता चला इसके खाते में ठगी के 23 हजार रुपये आए थे। आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। दूसरे मामले में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 4.55 लाख रुपये की ठगी में दो आरोपियों नोएडा सेक्टर-70 निवासी दिलीप यादव व यूपी कन्नौज के आर्यन गुप्ता को पकड़ा गया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ठगों के लिए खाता उपलब्ध करवाते थे। इन्होंने मुन्ना सिंह का खाता लेकर आगे दिया था। आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है। मामले में खाताधारक मुन्ना सिंह सहित दो आरोपियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
तीसरे मामले में क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 64,240 रुपये की ठगी के मामले में नोएडा निवासी शुभम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि ये पहले नोएडा सेक्टर-15 स्थित कॉल सेंटर में काम करता था। इसने बैंक कर्मचारी बनकर शिकायतकर्ता के पास कॉल की और ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को अदालत से जमानत मिल गई है।