फरीदाबाद। नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद करीब डेढ़ साल से रिक्त चल रहे हैं। दोनों पदों पर नियुक्ति को लेकर भाजपा में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सोमवार को सेक्टर-15 स्थित भाजपा कार्यालय अटल कमल में प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए प्रतिनिधिमंडल ने पार्षदों के साथ कई घंटे तक चर्चा की। इस दौरान दोनों पदों के लिए पार्षदों की राय ली गई। सूत्रों के अनुसार, दोनों पदों के लिए चार नाम सामने आए हैं। हालांकि, अभी किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
प्रदेश सरकार ने नामों पर सहमति बनाने की जिम्मेदारी हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल, विधायक घनश्याम अरोड़ा और पूर्व मेयर अवनीत कौर को सौंपी थी। बैठक में पहले सामूहिक चर्चा हुई, इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक पार्षद से अलग-अलग उनकी पसंद और दावेदारों के बारे में राय ली।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर समर्थक पार्षदों ने दोनों पदों के लिए पहले से चर्चा में चल रहे नामों को आगे बढ़ाया, जबकि विपुल गोयल समर्थक पार्षदों की ओर से नए नाम सुझाए गए। कुछ पार्षदों ने अपने नाम भी दावेदारी के लिए रखे। अब प्रतिनिधिमंडल पूरी रिपोर्ट भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को सौंपेगा। इसके बाद पार्टी नेतृत्व दोनों पदों के लिए नामों पर अंतिम निर्णय लेगा। बैठक में शामिल पार्षदों के अनुसार, इसी सप्ताह घोषणा होने की संभावना है।
पहले भी दो बार नहीं बन पाई सहमति
दोनों पदों पर सहमति बनाने के प्रयास पहले भी विफल रहे हैं। 11 अगस्त 2025 को सदन की बैठक आवश्यक राजनीतिक सहमति नहीं बनने के कारण स्थगित करनी पड़ी थी। अप्रैल 2026 में तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी पार्षदों से राय लेकर नाम तय करने का प्रयास किया था, लेकिन कृष्णपाल गुर्जर समर्थक पार्षदों की अनुपस्थिति में 33 पार्षदों के मौजूद रहने के बावजूद सहमति नहीं बन सकी।
बता दें कि नगर निगम के 46 वार्डों के लिए दो मार्च 2025 को चुनाव हुए थे। भाजपा ने 39 वार्डों में जीत दर्ज की थी, जबकि 6 निर्दलीय और एक कांग्रेस पार्षद चुना गया था। 31 मार्च 2025 को मेयर ने पदभार संभाला था। इसके बावजूद दोनों पद खाली हैं। अब ताजा रायशुमारी के बाद नियुक्तियों पर फैसला होने की उम्मीद बढ़ी है।