संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनएचपीसी चौक पर कोई अपनी चार दिन की नवजात बच्ची को रोते हुए छोड़ गया। वहां से गुजर रही एक महिला ने रोने की आवाज सुनकर बच्ची को गोद में उठा लिया। सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से गांव हिकमपुर थाना बोहरमपुर जिला मुर्शिदाबाद बंगाल निवासी रेनुका बीबी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह हनुमान मंदिर बजरंग चौक सराय ख्वाजा में किराए के मकान में रहती है। पति ई-रिक्शा चलाते हैं। रविवार रात करीब नौ बजे वह एनएचपीसी चौक से गुजर कर घर जा रही थी। सड़क के किनारे एक नवजात शिशु की रोने की आवाज सुनाई दी। महिला ने पास जाकर देखा गुलाबी कपड़ों में लिपटी एक नवजात पड़ी थी। महिला ने बच्ची को गोद में उठा लिया और आस-पास के आते जाते लोगों से पूछताछ की। किसी ने बच्ची को नहीं पहचाना। देखने में बच्ची चार-पांच दिन की लग रही थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पंहुची और बच्ची को बीके अस्पताल के शिशु वार्ड में भर्ती कराया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।