संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई गाड़ी संख्या 11450 जबलपुर एक्सप्रेस में एएसआई अजय कुमार के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान ट्रेन में चार व्यक्ति अवैध रूप से खाद्य पदार्थ बेचते हुए पकड़े गए। पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा रेलवे से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद आरपीएफ थाना फरीदाबाद में इनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 144 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
इसी अभियान के दौरान तीन महिलाओं को भी ट्रेन में यात्रियों से पैसे मांगते हुए तथा अव्यवस्था फैलाते हुए पकड़ा गया। इन पर भी रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत कार्रवाई की गई।