बल्लभगढ़। थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने चोरी की एल्यूमिनियम बिजली तारों से भरे एक कैंटर को पकड़कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पुरानी एल्यूमिनियम बिजली तारें बरामद की हैं, जिन्हें आरोपी बेचने की फिराक में ले जा रहे थे। थाना सदर बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बंद बॉडी कैंटर में चार-पांच युवक अनंगपुर स्थित पार्टाप एनर्जी सप्लाई प्राइवेट लिमिटेड तथा डीएचबीवीएन स्टोर से चोरी की गई पुरानी एल्यूमिनियम बिजली तारों को बेचने के लिए आईएमटी के रास्ते अटाली की ओर लेकर जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विनित निवासी बिजनौर, सुमित निवासी बिजनौर, गौरव निवासी शाहपुर खेड़ी तथा पिंटू निवासी अब्दुलापुर दाहना के रूप में बताई। संवाद