शेयर मार्केट और व्हाट्सएप निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने तीन अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है।
पहले मामले में चार्मवुड विलेज निवासी एक व्यक्ति से शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर 95.65 लाख रुपये की ठगी की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कैथल निवासी जसवंत और ललित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ललित ने जसवंत का बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के 80 हजार रुपये आए थे। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में एनआईटी निवासी सतपाल को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए निवेश का लालच देकर 11.42 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने आयुष निवासी नारनौल को गिरफ्तार किया, जिसने हेमंत सोनी का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। उस खाते में ठगी के 1.50 लाख रुपये आए थे। हेमंत सोनी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आयुष को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
तीसरे मामले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 6.61 लाख रुपये की ठगी के आरोप में अलीगढ़ निवासी पियूष को गिरफ्तार किया गया। उसने अपनी फर्म के नाम से बैंक खाता खोलकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें 2.20 लाख रुपये आए थे। अदालत ने उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। जांच में यह भी सामने आया कि पियूष के बैंक खाते से महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित छह अन्य साइबर शिकायतें भी जुड़ी हुई हैं। इन शिकायतों से संबंधित 1.22 करोड़ रुपये से अधिक की राशि इस खाते में प्राप्त होने की जानकारी मिली है।