- अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने पकड़े आरोपी
- सूरजकुंड थाना में 31 अक्तूबर 2025 को हुई थी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना इलाके में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या के प्रयास मामले में चार आरोपियों को अपराध शाखा सेक्टर-30 की पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बड़खल गांव के रहने वाले मुबीन (38), खालिद (28), हनीफ (40) व मोहब्बत (22) के तौर पर हुई। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले ही तौफिक की मोसिम के साथ कहासुनी हो गई थी।उसी रंजिश के चलते तौफिक ने मोसिम के साथ मारपीट की और जब रिजवान उसे छुड़ाने आया तो, मुबीन व खालिद ने क्रिकेट बैट, हनीफ ने कुल्हाड़ी व मोहब्बत ने लाठी से उस पर हमला कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
मामले में बड़खल निवासी इरफान ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 2025 को उसके चाचा के लड़के मोसिम ने बताया कि तौफ़िक और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। जब रिजवान ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उसको गंभीर चोट आई। शिकायत के आधार पर सूरजकुंड थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में अब आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।