खुलासा, केबल खुदाई के लिए पांच हजार में बुलाए थे दो मजदूरसंवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-15 मार्केट के बाहर बीएसएनएल की कॉपर केबल चोरी के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने केबल चोरी की साजिश रचने के बाद दो लोगों को केबल खुदाई करने के लिए बुलाया था, जिन्हें इसके बदले पांच हजार रुपये दिए गए थे। क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने इस मामले में तीस मई को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी आफताब, आमिर, राजा बाबू और मोहम्मद आजाद के रूप में हुई हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार बीएसएनएल के जेटीओ संदीप शर्मा की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 मई को सेक्टर-15 मार्केट के मुख्य द्वार के सामने फुटपाथ खोदकर अज्ञात लोग बीएसएनएल की कॉपर केबल चोरी कर ले गए थे। जांच में सामने आया कि आफताब और आमिर ने चोरी की पूरी योजना बनाई थी। दोनों ने राजा बाबू और मोहम्मद आजाद को केबल की खुदाई के लिए बुलाया था। खुदाई के काम के बदले उन्हें पांच हजार रुपये दिए गए। इसके बाद आरोपी केबल को वाहन में भरकर मौके से भाग गए और बाद में उसे बेच दिया। पुलिस अब चोरी की केबल खरीदने वाले व्यक्ति और वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।