आरएमसी सड़कें, सीवर-पानी लाइन, ड्रेनेज सिस्टम और सोलर लाइट्स से बदलेगा वार्ड-31 व 14 का स्वरूप
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के संत नगर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने रविवार को वार्ड-31 और वार्ड-14 में करीब 5 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क, सीवरेज, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचा खड़ा करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर वार्ड तक समान रूप से सुविधाएं पहुंचे और नागरिकों को दैनिक समस्याओं से राहत मिले। परियोजना के तहत संत नगर में आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) सड़कों का निर्माण, नई सीवर लाइन बिछाने, पेयजल के लिए आधुनिक वाटर लाइन, आरसीसी ड्रेनेज सिस्टम, 50 सोलर लाइट्स और 5 नए ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में जलभराव, गंदगी, टूटी सड़कों और पेयजल संकट जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बारिश के दौरान जलभराव और खराब सड़कों के कारण आवागमन में काफी दिक्कत होती थी। नई योजनाओं से इन समस्याओं से राहत मिलने की संभावना है, जिससे दैनिक जीवन सुगम होगा। मंत्री ने कहा कि संत नगर को आधुनिक और स्वच्छ क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को तय समय में सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि शहर के सभी क्षेत्रों को समान रूप से विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि फरीदाबाद को एक बेहतर शहरी मॉडल के रूप में स्थापित किया जा सके। संत नगर को भविष्य में शहर की पहचान बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर निगम की मेयर परवीन बत्रा जोशी, पार्षद शैफाली सिंगला, कर्ण सिंगला, नरेश नंबरदार, रिंकू सिलानी, सचिन शर्मा, जसवंत सैनी और पवन लोहिया सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।