संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के महाविद्यालय में पूर्व छात्राओं के लिए एलुमनाई मीट स्मृति का आयोजन किया गया। केएल मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 400 पूर्व छात्राओं ने हिस्सा लिया। कई साल पहले कॉलेज छोड़ चुकी छात्राएं भी इस मौके पर पहुंचीं और अपने पुराने दिनों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और खास बना दिया। छात्रों ने शास्त्रीय संगीत और अन्य प्रस्तुतियां दीं, वहीं कुशल और उनकी टीम की संगीत प्रस्तुति ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कई पूर्व छात्राएं भी मंच पर आईं और नृत्य के जरिए अपनी यादें साझा कीं।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मीनू दुआ ने सभी का स्वागत करते हुए कॉलेज की उपलब्धियों और पूर्व छात्राओं के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमडीईएस के अध्यक्ष डॉ. आनंद मेहता और निदेशक शुभ मेहता मौजूद रहे। उन्होंने छात्राओं को कॉलेज से जुड़े रहने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।