संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने बड़ौली गांव में तोड़फोड़ के विरोध में हो रहे धरने को समर्थन दिया है। वे गांव बड़ोली-प्रहलादपुर में रविवार को घर बचाओ संघर्ष समिति द्वारा आयोजित धरने में उपस्थित ग्रामीणों व किसानों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व सांसद ने धरनारत किसानों व ग्रामीणों को अपना व कांग्रेस का पूरा समर्थन दिया। यह धरना पूर्व पार्षद वीरपाल गुर्जर के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अवतार सिंह भड़ाना ने कहा कि सरकार को जन भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। जिला प्रशासन और सरकार को बड़ौली गांव में तुरंत तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक देनी चाहिए। यह किसानों की जमीन है, किसान देश का अन्नदाता होता है। किसानों के साथ इस तरीका का बर्ताव अशोभनीय है। कांग्रेस सरकार ने सभी वर्गों के लोगों के लिए काम किए थे, चाहे किसान हो, मजदूर हो, लेकिन भाजपा सरकार केवल और केवल गरीबों को उजाड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूरे फरीदाबाद में विकास के नाम पर सिर्फ तोड़फोड़ चल रही है। उन्होंने धरने पर बैठे हुए किसानों और गांव वासियों को आश्वासन देते हुए कहा कि मैं और कांग्रेस उनकी लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक लड़ेंगे।
इस अवसर पर पराग शर्मा, चंद्रपाल सरपंच, जगबीर नागर सरपंच, पूर्व पार्षद वीरपाल गुर्जर, लेखराज पहलवान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।