खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार को दादरी की नई बस्ती स्थित एक ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस पर छापा मारा। जहां विभाग ने 240 किलो ग्राम घी को सीज किया है। आरोप है कि अवतार ब्रांड के घी की पैकिंग पर विटामिन व मिनरल्स अंकित था। विटामिन व मिनरल्स के नाम पर घी को बेचा जा रहा था। जो नियमों के खिलाफ है। साथ ही तथ्य छिपाने पर 18 किग्रा मिर्च पाउडर भी जब्त किया गया हैं। वेयर हाउस से कुल 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए है। उनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दादरी की नई बस्ती में ई-कॉमर्स कंपनी कम्यूनिटी प्राइवेट लिमिटेड का वेयरहाउस बना हुआ है। बुधवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, विशाल कुमार गुप्ता, रविंद्र नाथ वर्मा और रितु सक्सेना की टीम ने छापा मारा।
वेयरहाउस से अवतार ब्रांड घी, अवतार ब्रांड गाय के घी, मिर्च पाउडर, मखाना, सरसों का तेल और कुट्टू आटा का एक-एक नमूना लिया गया है। अवतार ब्रांड के घी पर विटामिन व मिनरल्स होना अंकित है। जबकि घी में विटामिन और मिनरल्स नहीं होते है। इस पर कंपनी के 240 लीटर घी को सीज कर दिया गया है। वहीं 18 किग्रा मिर्च पाउडर पर पैकिंग तिथि, बैच नंबर आदि अंकित नहीं होने के कारण मिथ्याछाप मिला। इस पर मिर्च पाउडर को भी सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विक्रेताओं को सख्त हिदायत
विभाग ने सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी है। उन्हें लाइसेंसी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ता से ही सामग्री खरीदने को कहा गया है। खरीद बिल लेना भी अनिवार्य है। विक्रेताओं को निर्माण तिथि और बैच नंबर देखकर ही खाद्य सामग्री प्राप्त करने और उपभोक्ताओं को बेचने के निर्देश दिए गए हैं। कहा है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।