राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से हादसों की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रहे सड़क हादसों ने प्रशासन और यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी है। घने कोहरे और धुंध के बीच सड़कों पर बरती जा रही लापरवाही अब सीधे आमजन की जान पर भारी पड़ सकती है। कहीं निर्माणाधीन नालों पर बिना बैरिकेड्स के खुले गड्ढे हैं तो कहीं राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से हादसों की आशंका है। शनिवार को अमर उजाला की टीम ने शहर और हाईवे का जायजा लिया जहां कई स्थानों पर हालात बेहद चिंताजनक नजर आए।
सुबह और देर रात के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता काफी कम हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों को पहले से ही संभलकर चलने की जरूरत है लेकिन इसके उलट सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम नदारद हैं। नीलम-बीके रोड पर चल रहे नाले के निर्माण कार्य में न तो बैरिकेड्स लगाए गए हैं और न ही चेतावनी संकेतक हैं। यहां न तो रिफ्लेक्टर हैं और न ही रात में दिखने वाली लाइटें। कोहरे में अचानक सामने आने वाला यह निर्माण कार्य किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सड़क का अंदाजा ही नहीं लग पाता। कई बार वाहन चालक आखिरी क्षणों में ब्रेक लगाते हैं जिससे पीछे से आ रहे वाहन टकरा जाते हैं। बीते दिनों इसी मार्ग पर फिसलन और कम दृश्यता के कारण कई छोटे हादसे हुए हैं, लेकिन अभी तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
दूसरी ओर दिल्ली-मथुरा मुख्य हाईवे पर हालात और भी गंभीर हैं। यहां रात के साथ दिन के समय भी सड़क किनारे डंपर और ट्रक खड़े रहते हैं। सेक्टर-59 के पास अमर उजाला की टीम को सड़क के किनारे लाइन से खड़े बड़े वाहन दिखाई दिए। घने कोहरे में अचानक सामने आ जाने वाले ये वाहन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
हाईवे पर बल्लभगढ़ से बाटा रेड लाइट की ओर आने वाले हिस्से में स्थिति और ज्यादा खतरनाक है। यहां सड़क किनारे कई बड़ी वाहन वर्कशॉप संचालित हो रही हैं। मरम्मत के लिए लाए गए ट्रक और डंपर घंटों तक सड़क पर खड़े रहते हैं। कई जगहों पर तो एक के पीछे एक भारी वाहन खड़े नजर आए। कोहरे में यह स्थिति किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार छोटे वाहन इन खड़े ट्रकों से टकराते-टकराते बचे हैं।पिछले तीन दिनों में जिले में अलग-अलग कारणों से लगातार हादसे सामने आए हैं।
सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी
जानकारों के अनुसार कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी होता है। निर्माण कार्य वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त लाइटिंग होनी चाहिए। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों को खड़ा करना पूरी तरह प्रतिबंधित होना चाहिए। इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि कोहरे के इस मौसम में विशेष सतर्कता बरती जाए। नीलम-बीके रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर निर्माण कार्य को सुरक्षित बनाया जाए और हाईवे पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
—-
हाईवे पर जो भी वाहन गलत तरीके से खड़े होते हैं उनके चालान किए जा रहे हैं। कोहरे को देखते हुए इसका और अधिक ध्यान रखा जा रहा है। - अनोज कुमार, यातायात प्रभारी फरीदाबाद