डीपीआर बनाने के लिए कंपनियों से मांगा गया आवेदन, फरवरी-2025 में शुरू होगा कार्य
निगम मुख्यालय के स्थान पर इमारत में एफएमडीए कार्यालय बनेगा, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर भी होगा शिफ्ट
संदीप वर्मा
फरीदाबाद। सेक्टर-12 में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की सात मंजिला इमारत 2026 के मध्य में तैयार होगी। इमारत वर्तमान में दो मंजिला बनकर तैयार हैं। इसे बढ़ाकर सात मंजिला बनाने की तैयारी की जा रही है। कार्यालय के निर्माण की डीपीआर तैयार करने के लिए प्राधिकरण ने कंपनियों से आवेदन (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) मांगा है। डीपीआर के बाद फरवरी-2025 में इसका कार्य शुरू कर 2026 के मध्य तक पूरा कर लिया जाएगा।
फरीदाबाद विकास प्राधिकरण मुख्यालय अब इसी इमारत में ही शिफ्ट होना है। पूर्व में यहां पर नगर निगम का मुख्यालय बनाने की कवायद चल रही थी। अब इसे बदलकर केवल फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण का कार्यालय ही शिफ्ट किया जाएगा। पूर्व में निगम ने इसे दो मंजिल का बनाया हुआ है। अब इसमें पांच मंजिल और बनाकर इसे सात मंजिला बनाया जाएगा। निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की शिकायत पर इसमें विजलेंस की जांच बैठी हुई थी। अब जल्द ही विजिलेंस अपनी रिपोर्ट पेश करने जा रहा है। ऐसे में पिछले तीन वर्षों से रुका हुआ इसका निर्माण कार्य दोबारा से शुरू होने जा रहा है। वर्तमान में एफएमडीए कार्यालय हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की पुरानी इमारत में चल रहा है।
-
इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से रखी जाएगी शहर भर पर नजर
एफएमडीए की इमारत बनने के बाद यहां पर इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ईसीसीसी) शिफ्ट किया जाएगा। इस स्थान से शहर भर में लगे सीसीटीवी के जरिए शहरभर पर नजर रखी जाएगी। वर्तमान में ईसीसीसी एक कंपनी के निजी कार्यालय पर चल रहा है। नया कार्यालय बनने के बाद इसे वृहद रूप में शुरू करने की योजना है।
-
42 करोड़ रुपये निगम को देगा एफएमडीए
सेक्टर-12 में बनी दो मंजिला इमारत के लिए निगम ने करीब 42 करोड़ रुपये लगाए हैं। पहले यह नगर निगम मुख्यालय बनना था। अब इसे एफएमडीए ले रहा है। ऐसे में इस इमारत में अबतक हुआ निर्माण का कुल खर्च एफएमडीए नगर निगम को सौंपेगा।
-
इमारत पर 72 करोड़ रुपये आएगी लागत
सात मंजिला एफएमडीए कार्यालय बनाने की लागत करीब 72 करोड़ रुपये आएगी। एफएमडीए इसमें 42 करोड़ रुपये नगर निगम को देगा। इसके अलावा अन्य पांच मंजिल बनाने में लगभग 30 करोड़ रुपये का खर्च आने की उम्मीद है।
-
सेक्टर-12 में बनने वाली इमारत में एफएमडीए कार्यालय बनाया जाना है। इसकी डीपीआर के लिए कंपनियों से आवेदन मांगा गया है। यह कार्यालय सात मंजिला बनने जा रहा है। इसकी अन्य पांच मंजिल एफएमडीए बनाएगा। डीपीआर बनने के बाद फरवरी 2025 तक इसका कार्य शुरू होने की संभावना है। 2026 के मध्य तक यह इमारत बनकर तैयार करने की योजना है। पूर्व में इसमें नगर निगम मुख्यालय बनाया जाना था, अब यहां पर एफएमडीए कार्यालय ही बनेगा।
रमेश बागड़ी, अधीक्षण अभियंता एफएमडीए