मंजूरी और बजट मिलने के बाद जल्द शुरू होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ( एफएमडीए) ने ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी परियोजना का प्रस्ताव नए सिरे से तैयार कर सरकार को प्रस्ताव भेजा है। सरकार से प्रस्ताव और बजट को एक दो दिन में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद एफएमडीए इस परियोजना पर काम शुरू कर देगा।
इस पूरी परियोजना पर 1500 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। एफएमडीए अधिकारियों की मानें तो बाटा पर प्रस्तावित अंडरपास में बदलाव किया गया है। इसके अलावा इस परियोजना को शुरू करने से पहले अब एनएचएआई और रेलवे की सहमति भी लेनी पड़ेगी। दोनों विभागों की मंजूरी मिलने के बाद ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस परियोजना को पूरा करने में लगभग चार वर्ष का समय लग सकता है। इसका सबसे ज्यादा फायदा एनआईटी के लोगों को मिलेगा। रेलवे पुल पर वाहनों का दबाव कम होगा।
बड़खल पर रेलवे ओवरब्रिज और बाटा रोड पर अंडरपास बनाने का प्रस्ताव है। फरीदाबाद से वेस्ट बड़खल रूट पर पांच फ्लाईओवर, 5 यू-टर्न और अनखीर चौक (सूरजकुंड की तरफ से) पर एक कनेक्टिंग फ्लाईओवर बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ एप्रोच रोड, सर्विस रोड और ड्रेनेज सुविधाओं को भी पूरा किया जाएगा। इस पर लगभग 848 करोड़ की लागत आएगी। दूसरी तरफ, ईस्ट फरीदाबाद से वेस्ट फरीदाबाद (बाटा रूट) के प्रोजेक्ट पर भी लगभग 682 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 4 फ्लाईओवर, 3 यू-टर्न, एक अंडरपास, और मस्जिद चौक पर मुल्ला होटल की ओर एक कनेक्टिंग फ्लाईओवर बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ, एप्रोच रोड, सर्विस रोड और ड्रेनेज सुविधाओं को भी पूरा किया जाएगा।
वर्जन
प्रस्ताव नए सिरे से तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद दोनों विभागों से बैठकर परियोजना को शुरू करने के लिए प्लान तैयार कर काम शुरू किया जाएगा।
- रमेश बागड़ी, मुख्य अभियंता एफएमडीए।