अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-12 में आयोजित धन्यवाद रैली को लेकर कांग्रेस ने सत्तापक्ष पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में रैली को पूरी तरह फ्लॉप करार देते हुए आरोप लगाया कि भीड़ जुटाने के लिए आसपास के विधानसभा क्षेत्रों का सहारा लेना पड़ा।
उन्होंने कहा कि यह रैली फरीदाबाद की बताई गई लेकिन इसमें स्थानीय जनता की भागीदारी बेहद कम रही। हालात ऐसे रहे कि पलवल, होडल, हथीन, तिगांव, बल्लभगढ़, बड़खल और एनआईटी समेत अन्य क्षेत्रों से लोगों को लाकर भीड़ दिखाने का प्रयास किया गया। इससे स्पष्ट है कि शहर की बड़ी आबादी ने रैली से दूरी बनाई। कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री के संबोधन में भी विकास के दावों की पोल खुल गई।