शांति भंग की धारा में प्राथमिकी दर्ज, राहगीरों के लिए पैदा की बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत संजय कॉलोनी में सरेआम गाली-गलौज और मारपीट कर रहे पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन युवकों पर सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और आवागमन में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में 11 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
संजय कॉलोनी पुलिस चौकी में तैनात एएसआई अनिल कुमार 11 मई को अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि कुछ लड़के आपस में झगड़ा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि पांच युवक सड़क पर एक-दूसरे के साथ मारपीट कर रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। आपसी मारपीट के कारण उन्हें चोटें भी आई थीं और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी काफी परेशानी हो रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांचों को काबू किया।
पकड़े गए युवकों की पहचान चंदन प्रसाद, रोबिन और कुलदीप के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में संजय कॉलोनी में रहते हैं। इनके साथ ही बिहार के सिवान जिले के रहने वाले सुजीत और सोनू को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इसी कॉलोनी में किराये पर रहते हैं।