- खंदावली में पेयजल आपूर्ति ने होने से दिनभर परेशान रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव खंदावली से कैली गांव जाने वाले रास्ते पर बुधवार रात 12 बजे ट्रक की टक्कर से बिजली लाइन के पांच खंभे टूट गए। पांच अन्य क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद गांव खंदावली की बिजली गुल हो गई। 20 घंटे तक बिजली न आने से गांव में पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार रात तक बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी।
गांव खंदावली के सरपंच शोएब ने बताया कि उनके गांव से कैली गांव को जाने वाले रास्ते में काफी संख्या में सीमेंट के बिजली की हाईटेंशन लाइन के पोल लगे हुए है। बुधवार रात 12 बजे एक ट्रक गांव के अंदर गलती से आ गया। चालक वापस जाने के लिए ट्रक को लौटाने लगा। इस दौरान अंधेरे में ट्रक बिजली पोल से टकरा गया। एक पोल के टूटने से पांच अन्य पोल भी टूट गए, वहीं अन्य क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद बिजली नहीं होने की वजह से गांव वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हैंडपंप चलाने पड़े
बिजली नहीं होने की वजह से लोगों को पानी के लिए सर्दी में हैंडपंप चलाने पड़े। बिजली निगम के एसडीओ विनय गुप्ता ने बताया कि देर रात ट्रक से टक्कर लगने की वजह से पांच पोल गिर गए थे। बृहस्पतिवार दोपहर तक सभी बिजली के खंभों को दोबारा से लगा दिए गए।तकनीकी जांच कर देर रात तक आपूर्ति शुरू कर दी गई।।
गांव वाले रहे परेशान
बिजली नहीं होने की वजह से सबसे ज्यादा पानी की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। छोटी सड़क होने की वजह से ट्रक ने पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया। - शोएब, सरपंच, गांव खंदावली
20 घंटे से गांव में बिजली नहीं आने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। - आजाद खान, पंचायत मेंबर, गांव खंदावली