संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव सिरोही में झगड़ा करने के मामले में थाना धौज की पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। थाना धौज की टीम ने आकिल (22), सज्जी(26), बिल्लादीन(21), साहिल(28) व मुफिद(23) निवासी गांव सिरोही को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सरफू निवासी गांव सिरोही ने थाना धौज में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह आठ अक्तूबर को साबिर व साजिद के साथ गांव के पहाड़ घूमने गए थे तभी वहां गांव के ही आकिल, मुफीद व अन्य 20 लड़के आए व उन पर लाठी व रॉड से हमला कर दिया, जिसके बाद वह लड़के उसके घर भी गए। जहां उन्होंने घर के अंदर जाकर उनसे मारपीट की।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों व शिकायतकर्ता के बीच सरपंच चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोपी पक्ष वर्तमान में सरपंच है व शिकायतकर्ता पक्ष पूर्व में सरपंच रहे हैं। इसके चलते आठ अक्तूबर को पांचों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सिरोही गांव के पहाड़ पर गए। जहां उनका झगड़ा शिकायतकर्ता व अन्य के साथ हो गया था। इसके बाद आरोपी पक्ष शिकायतकर्ता पक्ष के घर में गया। जहां उन्होंने उनके साथ मारपीट की, सभी पांचों आरोपियों से डंडे बरामद किए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।