पहली बार इटालियन प्रशिक्षक सिखाएंगे बाक्सिंग के पंच
फरीदाबाद। वाको इंडिया किक बाक्सिंग फेडरेशन व फरीदाबाद किक बाक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार जिले के किक बाक्सिंग खिलाड़ियों को इटालियन प्रशिक्षक मानुएल नोर्दिओ बाक्सिंग के पंच सिखाएंगे। इसके लिए किक बाक्सिंग हॉल एनएच-तीन फरीदाबाद में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 18 व 19 अक्तूबर को आयोजित होगा। वाको इंडिया किक बाक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष व हरियाणा किक बाक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक महासचिव संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में फरीदाबाद के अलावा दिल्ली के भी खिलाड़ी व प्रशिक्षक शामिल होंगे। किक बाक्सिंग खिलाड़ियों के तकनीकी विकास और कुशल प्रशिक्षण के लिए विदेशी विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया है। इनके द्वारा किक बाक्सिंग खेल की विभिन्न विधाओं पाइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट, एवं किक लाइट इवेंट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें हरियाणा राज्य के कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें कुसुम, निश्चल, पुलकित भरद्वाज, नेहा सैनी, मोनल कुकरेजा, कुलदीप कुमार, रविंदर सिंह, शिवांगी बुड़ाकोटी, सुयश पराशर आदि शामिल हैं। प्रशिक्षण के उपरांत सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र व प्रशस्ति पत्र देकर खेल के प्रति उत्साहित किया जाएगा। ब्यूरो