फरीदाबाद। जनता कॉलोनी के समीप डबुआ मंडी गेट नंबर 4 पर कूड़े के ढेर में अज्ञात लोगों की ओर से आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों को तुरंत दमकल विभाग को सूचना देनी पड़ी। लोगों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार आग लग चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शी सुधीर के अनुसार, पहले कूड़े के ढेर से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग फैलने की आशंका को देखते हुए मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
दमकल विभाग कर्मचारी राकेश कुमार ने बताया कि कूड़े में आग अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की है कि कूड़े में आग लगाने जैसी लापरवाही से बचें। पुलिस का कहना है कि इस तरह की छोटी दिखने वाली गलती कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।