संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-86 स्थित समर पाम सोसाइटी के सी-2 टॉवर में बृहस्पतिवार शाम एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सी-2 टॉवर की चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 403 से शाम करीब 5:30 बजे धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं देखते ही आसपास के निवासियों ने तुरंत अन्य लोगों को सूचित किया और मौके पर पहुंचकर फ्लैट का दरवाजा खोला। अंदर ड्राइंग रूम में रखे सोफा, टेबल और पर्दों में आग लगी हुई थी, जिससे पूरे कमरे में धुआं फैल गया था।
सोसाइटी निवासी मोहित सैनी ने बताया कि पड़ोसियों ने बिना देर किए बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। उनकी तत्परता के चलते कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण एसी या उससे जुड़े बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आगजनी में ड्राइंग रूम का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।
जिस फ्लैट में आग लगी, वह जेपी सिंह का बताया जा रहा है। घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि परिवार बाहर गया हुआ था। आग की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को भी दी गई, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही आग बुझा ली गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।