फरीदाबाद। सेक्टर-21डी चौकी क्षेत्र में स्थित लालेश्वरी अपार्टमेंट सोसायटी में बृहस्पतिवार देर रात छठीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लग गई। चंद मिनट में ही आग पूरे फ्लैट में फैल गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेश बागरी ने दमकल विभाग को सूचना देकर बचाव कार्य में जुट गए। राहत व बचाव के दौरान चौकी प्रभारी राजेश घायल भी हो गए। उनका एक पैर आग में मामूली जल गया। इसके बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम के साथ करीब दो घंटे तक डटे रहे और आग को काबू कर अन्य फ्लैटों में आग फैलने से बचा लिया। उन्होंने बताया कि छठी मंजिल पर रविंद्र कुमार बाज 610 नंबर के फ्लैट में रहते हैं। उनके फ्लैट में देर रात अचानक आग लग गई थी। सोसायटी में पीएनजी लाइन बिछाई गई थी। इसलिए राहत व बचाव कार्य काफी चुनौतीपूूर्ण था। सबसे पहले गैस लाइन में सप्लाई रुकवाई गई। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली काट दी गई। दमकल विभाग के टीम के साथ करीब दो घंटे मशक्कत कर आग को बुझा दिया गया।