-दमकल की 8 गाड़ियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ पाली रोड स्थित जनरेटर बनाने वाली कंपनी में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और अपने पड़ोस की दो कंपनियों को भी चपेट में ले लिया। हालांकि, गनीमत रही कि तीनों कंपनियों के कर्मी सुरक्षित बाहर निकल गए। इस दौरान मौके पर पहुंची दमकल की 8 गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
डबुआ-पाली रोड पर स्थित जांगड़ा जनरेटर फैक्ट्री में शाम 4.30 बजे आग लगी थी। कंपनी में वेल्डिंग का कार्य होने के चलते उससे निकली चिंगारी ने कंपनी में आग पकड़ ली। आग लगने के साथ ही कंपनी के अंदर बहुत से तेल से भरे हुए ड्रम रखे हुए थे। आग के संपर्क में आकर तेल से भरे ड्रम धमाके के साथ फटने लगे। इनके धमाके की आवाज सुनकर आसपास दहशत फैल गई थी।
कंपनी के ऊपरी तल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इस वजह से लकड़ी के शटरिंग का सामान रखा हुआ था। आग यहां तक पहुंची और फिर अधिक भड़की। आग की वजह से तीनों फैक्ट्रियों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। तीनों में एक साथ आग लगने की वजह से हलचल मच गई। गनीमत रही किसी भी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां आ गई। इस दौरान आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। जबतक आग पर काबू पाया जाता तो आग ने अन्य दोनों कंपनियों को भी अपने चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया कि दमकल की 8 गाड़ियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। इस दौरान मौके पर आसपास के काफी लोग जमा हो गए थे। दमकल कर्मियों के अनुसार आग की चपेट में कोई कर्मचारी नहीं आया है। डबुआ थाना पुलिस के अनुसार वेल्डिंग की चिंगारी तेल के ड्रम में चली गई थी। इस वजह से आग लगी। बाकी मामले की जांच की जा रही है।