संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी क्षेत्र में गोछी इलाके में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक वर्कशॉप के ऊपर बने गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मौके पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा।
गोदाम में कागज का सामान था। इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार गोछी क्षेत्र की गली नंबर 2 में स्थित एबीसी ऑटो इंडस्ट्री नामक वर्कशॉप के ऊपर बने एक छोटे गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने से गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी नीचे वर्कशॉप में कार्य कर रहे कर्मचारियों को दी। लोगों ने बताया कि वर्कशॉप में ट्रैक्टर के पार्ट्स बनाए जाते हैं और गोदाम में कागज के गत्ते इकट्ठा किए गए थे।
वर्करों ने पहले खुद आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक दिया गया।
यह पूरा इलाका गोछी कहलाता है और गली नंबर 2 में स्थित इस वर्कशॉप में ऑटोमोटिव पार्ट्स बनाए जाते हैं। वर्कशॉप के ऊपर एक छोटा गोदाम बना हुआ था, जिसमें कागज के गत्ते रखे थे। संभवत गोदाम में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि आग लगने का सटीक कारण पता चल सके। - पुलिस प्रवक्ता यशपाल