संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्याली चौक के पास शनिवार शाम एक इमारत की छत पर रखे वोडाफोन सेंटर के जनरेटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगते ही छत से धुआं उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर मौजूद कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग जनरेटर के पास रखे प्लास्टिक के सामान में भी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही किसी बड़े नुकसान की खबर है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।