फरीदाबाद। मुजेसर गांव के तालाब रोड स्थित सामुदायिक केंद्र के बाहर सोमवार दोपहर करीब चार बजे खड़ी नैनो कार में अचानक आग लग गई। पास में खड़ी वरना कार भी आग की चपेट में आ गई। दोनों वाहनों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नैनो कार में अचानक आग लगने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में दोनों कारों को नुकसान पहुंचा है। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फायर अधिकारी सुखवीर ने बताया कि आग लगने की सूचना के तुरंत बाद दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद