गोदाम में रखा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जला, दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ स्थित राजा नाहर सिंह मार्केट के पास बृहस्पतिवार देर रात एक इमारत में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में नीचे बनाए गए गोदाम में रखा इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का गोदाम इसकी चपेट में आ गया।
इस दौरान नीचे रखा सिलिंडर भी फट गया। आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। करीब छह घंटे में आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। इमारत के नीचे गोदाम में एसी, कूलर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामान रखा हुआ था। इमारत के पास बिजली का खंभा लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि खंभे पर लटके तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद चिंगारी नीचे रखे सामान तक पहुंच गई और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इलेक्ट्रॉनिक सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक गोदाम में रखा काफी सामान जल चुका था। आग बुझाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
गोदाम के साथ बनी गैलरी में कुछ गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से इनमें से एक सिलिंडर फट गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में और दहशत फैल गई। गनीमत रही कि आग लगने के बाद समय रहते इमारत में मौजूद सभी लोग बाहर निकल गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं हो पाया है। गोदाम मालिक कृष्ण दीक्षित ने बताया कि सामान का आकलन किए जाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। अग्निशमन अधिकारी राकेश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग पर काबू पा लिया गया है।