समय रहते परिवार के लोग घर से बाहर निकले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी पांच क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब दो बजे एक मकान में आग लग गई। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना में कोई झुलसा नहीं।
हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। समय रहते परिवार के लोग घर से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, आग मकान के ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों और पहली मंजिल के एक कमरे में फैल गई। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का काफी सामान जलकर राख हो चुका था।
एनआईटी दमकल अधिकारी दिनेश ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।