फरीदाबाद सेक्टर 25 स्थित कंपनी में लगी को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद।
एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के सेक्टर-25 स्थित एक कंपनी में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग कंपनी के प्लॉट नंबर-79 में लगी, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग और डायल-112 की टीमों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार कंपनी में लगी एक बड़ी मशीन में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते मशीन के आसपास रखा प्लास्टिक, कागज और गत्ते का सामान भी आग की चपेट में आ गया, जिससे लपटें तेजी से फैलने लगीं। कंपनी में मौजूद कर्मचारियों ने फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। कंपनी प्रबंधन ने दमकल विभाग और डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। डायल-112 ईआरवी के एएसआई लेखराज ने बताया कि मशीन और कुछ अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।