एक जुलाई को पेशी पर नहीं आने और मुकदमा वापस लेने का बनाया दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अदालत में गवाही से पहले महिला को मुकदमा वापस लेने और एक जुलाई को अदालत में पेश नहीं होने की धमकी देने के आरोप में सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने जिते चंदीला समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 232(1), 351(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने अपनी और परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में जया शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा दर्ज कराया गया एक आपराधिक मामला सेक्टर-12 स्थित अदालत में विचाराधीन है, जिसकी प्राथमिकी महिला थाना एनआईटी में दर्ज हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। लेकिन आरोपी का बेटा जिते चंदीला, उसके परिवार के सदस्य और अन्य सहयोगी लगातार उन पर मुकदमा वापस लेने और अदालत में पेश नहीं होने का दबाव बना रहे हैं।
शिकायत के अनुसार 28 जून को स्थानीय मोर मार्केट स्थित फूलों की दुकान पर खरीदारी के दौरान बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और उन्हें एक जुलाई की अगली सुनवाई में अदालत नहीं जाने व मुकदमा वापस लेने की धमकी दी। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी वहां से भाग गए।
महिला ने यह भी बताया कि 15 जून को वह इस संबंध में पुलिस आयुक्त, हरियाणा पुलिस महानिदेशक और मुख्यमंत्री विंडो पर भी शिकायत दे चुकी हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रस्तुत पेन ड्राइव की जांच के बाद 29 जून को जिते चंदीला समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।