फरीदाबाद। घरेलू खर्च उठाने के लिए मजबूर करने, आईवीएफ उपचार में सहयोग न देने, मारपीट और प्रताड़ना के आरोप में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने महिला के पति और ससुराल पक्ष पर प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-16 निवासी 38 वर्षीय महिला की शिकायत पर 18 अक्तूबर को यह कार्रवाई की गई, जिसमें पति गौरव रांदेव, सास और ननद को आरोपी बनाया गया है। पीड़िता का आरोप है कि 21 अप्रैल 2022 को शादी के बाद से ही पति घर के राशन व चिकित्सा खर्चों में सहयोग नहीं कर रहा। महिला को अपनी तनख्वाह से घर चलाना पड़ रहा था। पति व सास उस पर आईवीएफ उपचार का दबाव बनाते, लेकिन अगस्त 2024 से जनवरी 2025 के बीच चले इलाज और मार्च 2026 में हुई पित्ताशय की सर्जरी का पूरा खर्च महिला ने खुद उठाया। महिला का आरोप है कि पति ने शराब पीकर मारपीट की, गला दबाया और चलती गाड़ी से बाहर धकेलने का प्रयास किया। व्यावसायिक व आवासीय लोन में सह-ऋणकर्ता बनने का दबाव भी बनाया गया। संवाद