फरीदाबाद। संजय कॉलोनी में वर्कशॉप के शोर को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी और उसके परिजनों पर एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप है। हमले में तीनों घायल हो गए। महिला के पैर में फ्रैक्चर आया है। मुजेसर थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता प्रताप यादव के अनुसार, चार अक्तूबर को पड़ोसी हीरा ने घर में चल रही वर्कशॉप के शोर को लेकर गाली-गलौज की थी। शाम करीब 5:30 बजे प्रताप उर्मिला स्कूल के पास पहुंचे तो हीरा और अनूप ने उनका रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हीरा ने कड़े से प्रताप के सिर और नाक पर वार किया। विष्णु ने रिंकू के सिर पर नुकीली चीज से हमला किया, जबकि अनूप ने अंकित के सिर पर ईंट मारी। हीरा की भाभी पर भी रिंकू के पैर पर ईंट से वार करने का आरोप है। घायलों का बीके अस्पताल में मेडिकल और एक्स-रे कराया गया, जिसमें रिंकू के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रामनिवास, हीरा, हरिशंकर, रजवती, विष्णु और अनूप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद