अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में मकान की दीवार पास की छत पर गिरने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक व अन्य पर एफआईआर दर्ज की है। शुक्रवार रात आई आंधी के दौरान ये हादसा हुआ था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि डबुआ थाने में बीएनएस की धारा 324(5), 290 के तहत एफआईआर दर्ज कर टीम जांच कर रही है।
मामले में पुलिस को ये शिकायत डबुआ कॉलोनी के मकान नंबर 455 में रहने वाली महिला सुषमा रानी ने दी है। महिला का कहना है कि काफी समय पहले उन्होंने फरीदाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय में अपने पड़ोसी अजय भड़ाना के खिलाफ शिकायत दी थी। आरोप है कि 4 मंजिल की दीवार लगभग 36 फीट लंबाई व 35 फुट ऊंचाई पर बनाई हुई है, ऊपर छत न होने के चलते दीवार गिरने का अंदेशा जताया गया था। महिला का कहना है कि 11 अप्रैल की शाम लगभग 7 बजे आई आंधी में ये दीवार इनके मकान की छत पर गिर गई। महिला के अनुसार वो अपने बेटे के साथ चीखते हुए मकान से बाहर निकलीं। हादसे में वो और बेटा तो बच गए लेकिन मकान क्षतिग्रस्त हो गया। पड़ोसी परिवार के 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। जिस पर एफआईआर दर्ज कर अब डबुआ थाने की टीम जांच कर रही है।