संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव पाली में खाली जगह पर अवैध रूप से कूड़ा व कचरा जलाने के आरोपी पुर्शी भड़ाना पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई करते हुए डबुआ थाने में अपराध से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। इस मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने सीएम विंडो और ई-मेल के जरिये प्रशासन से की थी।
प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी पुनीत पाठक ने पुलिस को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पाली निवासी पुर्शी भड़ाना एक खाली प्लॉट में कचरा इकट्ठा कर उसे जलाता है, जिससे इलाके में भारी वायु प्रदूषण फैल रहा है। इस संबंध में कुलदीप नामक व्यक्ति ने 17 दिसंबर 2025 को सीएम विंडो पर शिकायत दी थी, वहीं पर्यावरण प्रेमी जितेंद्र भड़ाना ने भी दिसंबर की शुरुआत में ई-मेल भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतों के आधार पर जब विभाग की टीम ने 22 जनवरी को मौके का मुआयना किया, तो वहां कचरे के ढेर मिले और उसे जलाने के सबूत भी पाए गए। विभागीय रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।