महिला का अरोप-सरकारी कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल उठाने पर उसे धमकाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-28 मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक महिला द्वारा वीडियो रिकॉर्डिंग करने पर कथित बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद नगर निगम में कार्यरत एक जूनियर इंजीनियर और उनके भाई के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। महिला का आरोप है कि सरकारी कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल उठाने पर उसे धमकाया गया और मारपीट का प्रयास किया गया।
सेक्टर-28 की निवासी पीड़िता शालिनी चोपड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लंबे समय से मार्केट में रेहड़ी-पटरी और अवैध कब्जों की वजह से जाम की समस्या बनी हुई है। इसे लेकर उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से कई बार शिकायत की थी। 27 नवंबर को जब तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई तो वह मौके पर पहुंची और मोबाइल से वीडियो बनाने लगीं।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्हें रिकॉर्डिंग से रोकने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और घर से उठवा लेने की धमकी दी गई। बाद में मौके पर नगर निगम के जेई हर्ष चपराना और उनके भाई संदीप चपराना पहुंचे जिन पर महिला ने चप्पल से मारने के लिए दौड़ने और धमकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। सेक्टर-31 थाना पुलिस का कहना है कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है और निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। वहीं जेई हर्ष चपराना ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि तोड़फोड़ की कार्रवाई नगर निगम नहीं बल्कि एचएसवीपी द्वारा की जा रही थी। सेक्टर 28 में हमारी एक दुकान है। मैं वहां बैठा था। तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान बाहर आ गया।