संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में शुक्रवार रात पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पूरी घटना बल्लभगढ़ स्थित गुप्ता होटल के पास की है, जहां रात करीब 8 बजे कार खड़ी करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे, लाठी-डंडों और यहां तक की चाकू से भी हमला कर दिया। इस घटना में करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। सभी शाहपुरा खादर गांव के रहने वाले हैं और किसी निजी काम से बल्लभगढ़ आए थे। जब वह जूस कॉर्नर के पास अपनी गाड़ी खड़ी कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के करीब 10 से 15 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोई शिकायत प्राप्त होगी, उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।