सुसाइड नोट के आधार पर क्रशर मालिक पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पर्वतीय कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय फुलेल ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक क्रशर जोन में मुंशी के पद पर कार्य करता था। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। नोट के आधार पर पुलिस ने आरोपी क्रशर मालिक नितिन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बीके अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
मृतक के बेटे राजन ने बताया कि उनके पिता कई सालों से नितिन स्टोन नंबर 19 पर बतौर मुंशी का काम करते थे। पिता पिछले तीन-चार दिनों से बहुत परेशान थे। किसी पार्टी ने करीब ढाई लाख रुपये का पत्थर लिया था। जो मालिक के कहने पर दिया गया था। लेकिन उस पार्टी ने पेमेंट नहीं की। उन्हीं रुपये को लाने को लेकर उनके पिता पर मालिक नितिन द्वारा दबाव बनाया जा रहा था। उनको प्रताड़ित भी किया जा रहा था। उससे परेशान होकर उन्होंने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। इस मामले के जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट के आधार पर क्रशर मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया गया है। आगे मामले की जांच जारी है।