हथीन। गांव खिल्लुका के दो बच्चों की मौत के जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक की पहचान हो गई है। बहीन थाना पुलिस ने बुधवार को दोनों मृत बच्चों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गांव में एक साथ हुई दो बच्चों की मौत से मातम का माहौल बना हुआ है। मृतक चौथी कक्षा के छात्र मुआविया के पिता वसीम ने बहीन थाना पुलिस को शिकायत दी है कि वह अपने पुत्र मुआविया एवं सातवीं कक्षा के छात्र अनस के साथ खिल्लुका से कोट गांव बाइक से जा रहे थे। गांव मीठाका से आगे कोट की तरफ ईंट भट्ठा के पास बाइक खड़ी कर दी। बाइक चालक वसीम खेतों की तरफ लघु शंका करने लगा। दोनों छात्र मुआविया एवं उसका साथी अनस बाइक के पास खड़े थे। अचानक कोट निवासी तय्यब अपना ट्रैक्टर लेकर आया और दोनों बच्चों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों को गम्भीर चोटें आई और उन दोनों की मौत हो गई । बहीन थाना के जांच अधिकारी मानसिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद